बांसवाड़ा में प्रेम-प्रसंग से भड़की हिंसा, 30 से ज्यादा घरों में आग; गांव में तनाव बरकरार
Banswara के टामटिया गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद हत्या और हिंसा भड़की। 30 से ज्यादा घर जलाए गए, भारी पुलिस बल तैनात, हालात तनावपूर्ण।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के टामटिया गांव में रविवार रात हुए खूनी विवाद के बाद सोमवार को भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और बाहर से आने-जाने पर सख्ती कर दी गई है।
हत्या के बाद भड़का बवाल
घटना की जड़ एक प्रेम-प्रसंग बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, एक युवक की बहन और दूसरे पक्ष के युवक के बीच संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने लड़की के भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
इस वारदात के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया, जिससे पूरा गांव हिंसा की चपेट में आ गया।
30 से ज्यादा घर जलाए, पथराव
हिंसा इतनी बढ़ गई कि उग्र भीड़ ने 30 से अधिक घरों में आग लगा दी। कई जगह पथराव भी हुआ, जिससे हालात बेकाबू हो गए।
पुलिस को भी रोका गया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने गांव के बाहर ही रास्ता रोक दिया। लकड़ियां डालकर रास्ते बंद कर दिए गए और पुलिस को अंदर घुसने नहीं दिया गया। यहां तक कि आग बुझाने की कोशिश में भी बाधा डाली गई।
चार थानों की पुलिस तैनात
स्थिति को काबू में करने के लिए चार थानों की पुलिस और रिजर्व फोर्स तैनात की गई है। मोटा गांव थाना में लगातार ग्रामीणों की आवाजाही बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।
गांव में सख्ती, जांच जारी
फिलहाल गांव में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
तनाव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Saloni Kushwaha 
