Rajasthan Civic Polls 2026: राजस्थान निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग शुरू, 57 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
Rajasthan Nikay Chunav 2026: पहले चरण में आज 9 सितंबर को 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में मतदान हो रहा है। 57,52,278 मतदाता 5,393 पार्षद पदों के लिए वोट डाल रहे हैं, जबकि 7,683 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी।
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए आज 9 सितंबर को मतदान शुरू हो गया है। पहले चरण में राज्य के 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में वोट डाले जा रहे हैं। इनमें 4 नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाएं शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
पहले चरण में कुल 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसके लिए 162 नगरीय निकायों में 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
5,393 पार्षद पदों के लिए 20 हजार से ज्यादा उम्मीदवार
पहले चरण के निकाय चुनाव में पार्षद के 5,393 पदों के लिए 20 हजार से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण में अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगम भी शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, जयपुर जिले के 18 नगर निकायों में भी आज मतदान हो रहा है। इसके लिए 565 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
जयपुर की 16 नगर पालिकाओं में भी वोटिंग
जयपुर जिले में चौमूं और शाहपुरा नगर परिषद के साथ 16 नगर पालिकाओं में मतदान हो रहा है। इनमें दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नारायणा, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा शामिल हैं।
इन जिलों में भी हो रहा मतदान
जयपुर के अलावा अजमेर, नागौर, टोंक, ब्यावर, भीलवाड़ा, कोटपूतली-बहरोड़, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, जोधपुर, जालोर, पाली, सिरोही, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, डीडवाना-कुचामन, करौली, दौसा, डीग, खैरथल-तिजारा, जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा के नगरीय निकायों में भी पहले चरण के तहत मतदान हो रहा है।
मतदान के चलते आज सार्वजनिक अवकाश
निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग को देखते हुए मतदान वाले क्षेत्रों में 9 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, जयपुर नगर निगम क्षेत्र में दूसरे चरण के मतदान के दिन 11 सितंबर को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
पुनर्मतदान की स्थिति में संबंधित मतदान क्षेत्र में जिस दिन दोबारा वोटिंग होगी, उस दिन भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
11 सितंबर को दूसरे चरण का मतदान
राजस्थान में कुल 309 नगरीय निकायों में दो चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर को, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। चुनाव के नतीजे 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।

