Rajasthan Weather: कमजोर पड़ा मानसून, अगले 3 दिन बारिश के आसार कम; 11 सितंबर को बनेगा नया सिस्टम
राजस्थान में अगले तीन दिन बारिश की संभावना कम है। 11 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर सिस्टम बनने की संभावना है, जिसके असर से 12-13 सितंबर से पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है। अगले सप्ताह मानसून की विदाई के संकेत हैं।
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में एक नया लो-प्रेशर सिस्टम बनने की संभावना है। यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से 12 और 13 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
अगले सप्ताह से मानसून की विदाई के संकेत
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, नए सिस्टम का असर मध्य प्रदेश और उससे सटे राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में ज्यादा देखने को मिल सकता है। वहीं, मानसून की कमजोर गतिविधियों को देखते हुए अगले सप्ताह से प्रदेश में मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। राजस्थान में मानसून की विदाई की सामान्य तारीख 17 सितंबर मानी जाती है।
गर्मी और उमस का असर बरकरार
बारिश की गतिविधियां कम होने के कारण सितंबर के दूसरे सप्ताह में भी राजस्थान में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। मंगलवार को श्रीगंगानगर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले सोमवार को भी श्रीगंगानगर में तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं, प्रदेश के 10 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।
कुछ इलाकों में हुई हल्की बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। अलवर के प्रतापगढ़ में 2 MM, दौसा के निर्झरना में 3 MM, भरतपुर के जुरहरा में 11 MM और कामां में 10 MM बारिश रिकॉर्ड हुई।
हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को मौसम शुष्क रहा और तेज धूप देखने को मिली। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने के कारण गर्मी और उमस का असर फिलहाल जारी रहने की संभावना है।

