Rajasthan Safai Karamchari Recruitment 2026: राजस्थान में 24,712 सफाई कर्मचारियों की भर्ती, 15 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन
राजस्थान सरकार ने 24,712 सफाई कर्मचारियों की संविदा भर्ती निकाली। 15 अगस्त से आवेदन शुरू होंगे। जानें आयु सीमा, पात्रता, चयन प्रक्रिया और पूरी जानकारी।
Rajasthan Safai Karamchari Recruitment 2026: राजस्थान सरकार ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। राज्य सरकार प्रदेश की 183 नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका) में 24,712 सफाई कर्मचारियों की संविदा आधारित सीधी भर्ती करेगी। यह पहला अवसर होगा जब सरकार संविदा के आधार पर इतने बड़े स्तर पर सफाई कर्मचारियों की सीधी भर्ती करने जा रही है।
भर्ती प्रक्रिया के लिए 15 अगस्त 2026 से आवेदन शुरू होंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी राजस्थान स्वायत्त शासन निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट या SSO ID के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती में 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद पात्र उम्मीदवारों का चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
सबसे अधिक भर्ती जयपुर में होगी, जहां 4,811 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा जोधपुर में 890, बीकानेर में 1,084, सीकर में 480, भरतपुर में 450, अलवर में 426, उदयपुर में 300 और अजमेर में 290 पदों पर भर्ती की जाएगी। अन्य नगरीय निकायों में भी आवश्यकता के अनुसार पदों का आवंटन किया गया है।
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि कोई न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है। यानी अनपढ़ अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, उम्मीदवार के पास किसी भी नगरीय निकाय में कम से कम एक वर्ष तक सफाई कार्य का अनुभव होना अनिवार्य होगा। सरकार का उद्देश्य अनुभवी सफाई कर्मियों को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराना और शहरी निकायों में सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाना है.

