Jaipur Accident: RTO की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, हाईवे पर लोगों ने लगाया जाम
Jaipur में Delhi Ajmer Highway पर आरटीओ की गाड़ी ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम लग गया।
जयपुर में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-अजमेर हाईवे पर आरटीओ (रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस) की गाड़ी ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया।
सूचना मिलने पर विश्वकर्मा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया है।
अचानक लेन बदलने के दौरान हुआ हादसा
विश्वकर्मा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह के अनुसार यह हादसा रविवार दोपहर करीब 1 बजे दिल्ली-अजमेर हाईवे पर रोड नंबर-14 के पास बढ़ाना पुलिया के नजदीक हुआ। हादसे में आंधी क्षेत्र के ताला गांव निवासी गौतम मीना (27) गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि गौतम मीना रोड नंबर-14 से दिल्ली की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह सेकेंड लेन से अचानक फर्स्ट लेन की ओर डिवाइडर की तरफ आ गया। तभी पीछे से आ रही आरटीओ के सेकेंड उड़नदस्ते की गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी।
ड्रेनेज गैप से दूसरी तरफ जाने की कोशिश में हुआ एक्सीडेंट
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हाईवे के डिवाइडर में बने ड्रेनेज गैप से बाइक सवार दूसरी तरफ जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक लेन बदलकर फर्स्ट लाइन की तरफ आ गया।
अचानक सामने आने के कारण पीछे से आ रही आरटीओ की उड़नदस्ता गाड़ी उससे टकरा गई। टक्कर लगते ही गौतम उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद 15 मिनट तक लगा रहा जाम
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध जताते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब 15 मिनट तक ट्रैफिक बाधित रहा।
विश्वकर्मा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और जाम खुलवाया। इसके बाद यातायात फिर से सुचारू किया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और आरटीओ की गाड़ी को थाने में खड़ा करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Saloni Kushwaha 
