बाड़मेर में युवक पर दिनदहाड़े चाकू से हमला, हालत गंभीर; परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया
बाड़मेर में कोतवाली थाना क्षेत्र के पास 21 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला। गंभीर हालत में राजकीय अस्पताल में भर्ती, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जस्थान के बाड़मेर शहर में गुरुवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। कोतवाली थाना क्षेत्र में कब्रिस्तान के पास एक दुकान के नजदीक 21 वर्षीय युवक पर चार-पांच युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए और मौके से फरार हो गए।
सुबह करीब 10 बजे हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान प्रिंस (उम्र 21 वर्ष), पिता विष्णु पंडित के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार, प्रिंस हाल ही में जोधपुर में रह रहा था और रिश्तेदारी में शादी समारोह के लिए बाड़मेर आया हुआ था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और कई बार चाकू से हमला किया। हमले के बाद वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में उसे तुरंत राजकीय अस्पताल बाड़मेर पहुंचाया, जहां ऑपरेशन थिएटर में उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
परिवार का कहना है कि हमले के बाद युवक के पास से मोबाइल फोन और नकदी गायब मिली है। परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना कई बार बाड़मेर कोतवाली थाना को दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले भी युवक पर हमला हो चुका था और उस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अस्पताल के बाहर डटे परिजन
घटना के बाद से परिजन अस्पताल परिसर के बाहर बैठे हुए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है।
Saloni Kushwaha 
