PM नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले काफी नुकसान, तेज आंधी-बारिश में गिरे होर्डिंग्स
PM मोदी के पचपदरा दौरे से पहले मौसम ने बदला रुख। तेज आंधी-बारिश में होर्डिंग्स गिरे, IMD ने बालोतरा-बाड़मेर के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया।
PM Modi Rajasthan Visit: पचपदरा में मोदी के दौरे से पहले बदला मौसम, तेज आंधी-बारिश में गिरे होर्डिंग्स, IMD का अलर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करने पहुंच रहे हैं। हालांकि, उनके इस अहम दौरे से ठीक पहले पश्चिमी राजस्थान के मौसम ने करवट ले ली है। शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने कार्यक्रम की तैयारियों को प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के चलते प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए लगाए गए कई बड़े कट-आउट और होर्डिंग्स गिर गए, जिसके बाद प्रशासन और आयोजन समिति को देर रात तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करनी पड़ीं।
लिंक पर वीडियो देखिए....
https://youtube.com/shorts/00U63kCwq8c?si=sSq56DecZM3_XSTV

IMD ने जारी किया मौसम अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बालोतरा और बाड़मेर जिलों के लिए विशेष मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, थार क्षेत्र में अगले कुछ समय तक मौसम अस्थिर रह सकता है। कई स्थानों पर घने बादल छाने, मेघगर्जन, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। ऐसे में प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दौरे से 24 घंटे पहले बदला मौसम
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से एक दिन पहले शुक्रवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर की भीषण गर्मी और उमस के बाद तेज धूलभरी आंधी चली, जिसके तुरंत बाद बारिश शुरू हो गई।
बालोतरा और पचपदरा रिफाइनरी क्षेत्र में हुई तेज बारिश से कई सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया। वहीं बाड़मेर शहर और आसपास के क्षेत्रों में भी आंधी के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
तेज हवाओं में गिरे पीएम मोदी के होर्डिंग्स
आंधी का सबसे ज्यादा असर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की तैयारियों पर देखने को मिला। पचपदरा रिफाइनरी और जनसभा स्थल के आसपास लगाए गए बड़े-बड़े कट-आउट, स्वागत द्वार और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार वाले कई होर्डिंग्स तेज हवा के झोंकों में गिर गए। हालांकि, प्रशासन, आयोजन समिति और टेंट कॉन्ट्रैक्टर्स की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। रातभर गिरे हुए स्ट्रक्चर हटाने और उन्हें दोबारा मजबूती से स्थापित करने का काम जारी रहा, ताकि शनिवार को कार्यक्रम में किसी तरह की बाधा न आए।
आंधी के चलते कई इलाकों में बिजली गुल
तेज आंधी और बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। सुरक्षा कारणों से डिस्कॉम ने कई इलाकों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी।
बाड़मेर की रॉय कॉलोनी, रीको (RIICO) औद्योगिक क्षेत्र सहित कई रिहायशी इलाकों में करीब एक से डेढ़ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। उमस के बीच बिजली कटने से लोगों को परेशानी हुई। हालांकि मौसम सामान्य होने के बाद तकनीकी टीम ने लाइन की जांच कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।
अब मौसम पर टिकी सबकी नजर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक पचपदरा दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हालांकि मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अब सभी की निगाहें शनिवार को होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और मौसम के अगले रुख पर टिकी हुई हैं
देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।

