Rajasthan Weather: राजस्थान में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 20 जिलों में बारिश का अलर्ट; बांधों के गेट खोले

राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। खंडार में 102 MM बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि सवाई माधोपुर और धौलपुर के बांध ओवरफ्लो हो गए।

Rajasthan Weather: राजस्थान में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 20 जिलों में बारिश का अलर्ट; बांधों के गेट खोले

राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को जयपुर समेत कई जिलों में दिनभर बारिश का दौर जारी रहा। तेज बारिश के कारण सवाई माधोपुर और धौलपुर के दो बांध ओवरफ्लो होकर छलक गए, जबकि कई बांधों के गेट खोलकर पानी की निकासी करनी पड़ी।

लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। सवाई माधोपुर, बारां, बूंदी और कोटा में कई जगह नदियों पर बनी रपट पानी में डूब गईं। पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया, जिससे दिन में भी मौसम ठंडा महसूस हो रहा है।

खंडार में 102 MM बारिश रिकॉर्ड

पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बारिश सवाई माधोपुर के खंडार में दर्ज की गई। यहां 102 MM यानी करीब 4 इंच बारिश हुई।

इसके अलावा करौली, भरतपुर और अलवर के अलग-अलग इलाकों में करीब 3 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई। अजमेर, बारां, बूंदी, दौसा, धौलपुर, करौली, टोंक, सीकर, कोटा और भीलवाड़ा समेत कई इलाकों में 1 से 2 इंच तक बारिश हुई।

कई बांध ओवरफ्लो, गेट खोलकर पानी की निकासी

तेज बारिश के बाद कई बांधों में पानी की आवक बढ़ गई। भरतपुर के बंध बारैठा बांध के 2 गेट, धौलपुर के पार्वती बांध के 2 गेट, झालावाड़ के कालीसिंध बांध के 3 गेट और कोटा के नवनेरा बांध के 7 गेट खोलकर पानी की निकासी की गई।

वहीं, धौलपुर का रामसागर डैम और सवाई माधोपुर का मानसरोवर बांध भी पानी से भरने के बाद ओवरफ्लो होकर छलक गए।

पूर्वी राजस्थान में बढ़ी ठंडक

पूर्वी राजस्थान में पिछले दो दिनों से जारी बारिश के कारण कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री तक नीचे आ गया है। जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा और सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

इससे इन इलाकों में सुबह और शाम के साथ दिन के समय भी ठंडक महसूस होने लगी है। दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान में सितंबर के बावजूद गर्मी का असर बना हुआ है और कई जिलों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हो रहा है।

आज भी कई जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार वेलमार्ग लो-प्रेशर सिस्टम अभी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा के आसपास सक्रिय है। इसके प्रभाव से आज जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

वहीं कोटा संभाग में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 7 सितंबर से सिस्टम का असर कमजोर पड़ना शुरू हो सकता है, जिसके बाद बारिश में कमी आने की संभावना है।

8 सितंबर के बाद राजस्थान में करीब एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां कम रहने का अनुमान है।