RIICO की बड़ी पहल: इंडस्ट्रियल एरिया में बनेंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, 10 जिलों में 15 प्लॉट किए आवंटित
RIICO ने राजस्थान के 10 जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों में 15 प्लॉट रेंटल आधार पर आवंटित किए हैं। इनमें 12 प्लॉटों पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और 3 पर प्लग एंड प्ले सेंटर विकसित किए जाएंगे। जानें किन जिलों को मिलेगा लाभ।
राजस्थान के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं को जल्द ही बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (RIICO) ने 10 जिलों के इंडस्ट्रियल एरिया में 15 प्लॉट रेंटल आधार पर आवंटित किए हैं।
इनमें से 12 प्लॉटों पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जबकि 3 प्लॉटों पर प्लग एंड प्ले सेंटर स्थापित किए जाएंगे। यह कदम औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाएं विकसित करने और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
15 साल के लिए दिए गए प्लॉट
रीको ने ई-बिडिंग प्रक्रिया के माध्यम से इन प्लॉटों का चयन किया है। सभी प्लॉट 15 वर्ष की अवधि के लिए किराये पर आवंटित किए गए हैं। नियमानुसार इस अवधि को आगे 10 वर्ष तक बढ़ाया भी जा सकेगा।
क्या है प्लग एंड प्ले सुविधा?
प्लग एंड प्ले ऐसी व्यवस्था है, जिसमें उद्यमियों को तैयार भवन और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इससे उद्योग स्थापित करने के शुरुआती खर्च और समय में काफी कमी आती है और कारोबारी कम समय में अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।
इस सुविधा के लिए जयपुर के सीतापुरा फेज-तृतीय, जोधपुर के बोरानाडा एग्रो फूड पार्क और कोटा के रानपुर एग्रो फूड पार्क में प्लॉट आवंटित किए गए हैं।
इन जिलों में बनेंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
स्पोर्ट्स सुविधाओं के लिए निम्न औद्योगिक क्षेत्रों में प्लॉट आवंटित किए गए हैं:
जयपुर – सीतापुरा फेज-तृतीय, अपैरल पार्क और बगरू (छितरौली)
कोटा – इंद्रप्रस्थ
जोधपुर – बोरानाडा
सिरोही – आबूरोड (अर्बुदा)
खैरथल-तिजारा – भिवाड़ी (कारोली)
झुंझुनूं द्वितीय
अजमेर – किशनगढ़
पाली – फेज-4
सवाई माधोपुर – खेरड़ा
सीकर – रींगस विस्तार औद्योगिक क्षेत्र
इन क्षेत्रों में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेल मैदान और अन्य खेल गतिविधियों से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
RIICO को होगा 2.28 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व
आवंटित किए गए सभी 15 प्लॉटों का कुल क्षेत्रफल करीब 9 एकड़ है। इनसे रीको को प्रतिवर्ष लगभग 2.28 करोड़ रुपये का किराया प्राप्त होगा।
रीको का मानना है कि इस पहल से औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, स्थानीय युवाओं को खेल गतिविधियों के अवसर प्राप्त होंगे और निवेश के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
Saloni Kushwaha 
