फाइव स्टार लीला पैलेस होटल पर 10 लाख का जुर्माना, निजता हनन को माना गंभीर अपराध

राजस्थान के पर्यटन नगरी उदयपुर स्थित प्रसिद्ध फाइव स्टार होटल लीला पैलेस को उपभोक्ता फोरम ने बड़ा झटका दिया है। निजता के उल्लंघन और मानसिक पीड़ा के एक मामले में चेन्नई उपभोक्ता फोरम ने होटल पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का आदेश दिया है।

फाइव स्टार लीला पैलेस होटल पर 10 लाख का जुर्माना, निजता हनन को माना गंभीर अपराध

उदयपुर। राजस्थान के पर्यटन नगरी उदयपुर स्थित प्रसिद्ध फाइव स्टार होटल लीला पैलेस को उपभोक्ता फोरम ने बड़ा झटका दिया है। निजता के उल्लंघन और मानसिक पीड़ा के एक मामले में चेन्नई उपभोक्ता फोरम ने होटल पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का आदेश दिया है। यह मामला जनवरी 2025 का है, जिसमें होटल के हाउसकीपिंग स्टाफ की गंभीर लापरवाही सामने आई थी।

उदयपुर झील पिछोला के किनारे स्थित इस लग्जरी होटल में एक दिन का किराया 50 हजार रुपये से अधिक है, लेकिन सुविधा और सुरक्षा के नाम पर की गई चूक होटल प्रबंधन को भारी पड़ गई।

मास्टर-की से कमरे में घुसा हाउसकीपिंग स्टाफ

मामले के अनुसार, चेन्नई निवासी एक दंपति ने होटल में 55,500 रुपये का भुगतान कर एक दिन का स्टे लिया था। शिकायतकर्ता महिला स्वयं पेशे से वकील हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह और उनके पति वॉशरूम में थे, तब हाउसकीपिंग स्टाफ ने ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ और मना करने के बावजूद मास्टर-की का उपयोग कर कमरे में प्रवेश किया।

इतना ही नहीं, आरोप है कि कर्मचारी ने वॉशरूम के टूटे दरवाजे से अंदर झांकने की भी कोशिश की, जिससे दंपति को गंभीर मानसिक आघात पहुंचा।

शिकायत के बाद भी होटल प्रबंधन ने नहीं की कार्रवाई

घटना के तुरंत बाद दंपति ने होटल रिसेप्शन पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन होटल प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे आहत होकर दंपति ने उपभोक्ता फोरम का रुख किया।

कोर्ट का सख्त फैसला

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उपभोक्ता फोरम ने इसे निजता का गंभीर उल्लंघन और मानसिक हानि का मामला मानते हुए लीला पैलेस होटल को दोषी ठहराया। कोर्ट ने होटल को आदेश दिया कि वह—

दंपति को 10 लाख रुपये मुआवजा दे

कमरे का 55,500 रुपये किराया वापस करे

9% वार्षिक ब्याज का भुगतान करे

10 हजार रुपये मुकदमा खर्च दे

यह पूरी राशि दो माह के भीतर चुकाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस फैसले को होटल इंडस्ट्री में ग्राहक निजता और सुरक्षा को लेकर एक अहम नजीर के तौर पर देखा जा रहा है।