Jodhpur News: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती को कुचला, महिला की मौत; गुस्साई भीड़ ने वाहन फूंका

जोधपुर के झालामंड चौराहे के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसे में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने डंपर में आग लगा दी और चालक से मारपीट की।

Jodhpur News: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती को कुचला, महिला की मौत; गुस्साई भीड़ ने वाहन फूंका

जोधपुर में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने डंपर में आग लगा दी और ड्राइवर के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और ड्राइवर को हिरासत में लिया।

झालामंड चौराहे के पास हुआ हादसा

हादसा कुड़ी थाना क्षेत्र में झालामंड चौराहे के पास शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, बारां जिले के शाहाबाद स्थित हटका निवासी रामनिवास (67) अपनी पत्नी मंजेश (65) के साथ रामदेवरा दर्शन कर बाइक से लौट रहे थे। उनके साथ करीब 20 से 25 जातरुओं का जत्था भी था।

बताया जा रहा है कि झालामंड चौराहे के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला डंपर की चपेट में आ गई और कुछ दूरी तक घसीटती चली गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके पति को चोटें आईं।

हादसे के बाद लोगों में आक्रोश

हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण पहले भी हादसे होने की बात कही और नाराजगी जताई।

आक्रोशित लोगों ने डंपर पर पेट्रोल छिड़ककर उसमें आग लगा दी। इस दौरान डंपर चालक के साथ भी मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि करीब 3 से 4 लोगों ने डंपर में आग लगाई।

पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया

एसीपी वेस्ट भजनलाल के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायल रामनिवास को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि महिला के शव को मॉर्चरी में रखवाया गया।

पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं, डंपर में आग लगाने और चालक से मारपीट करने वाले लोगों की पहचान के लिए भी जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद झालामंड चौराहे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।