विधिक सेवा प्राधिकरण का अनूठा प्रयोग, “न्याय छाया”- छांव भी, कानून की जानकारी भी
जनता को जागरुक करने के लिए राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने अनोखा आइडिया निकाला है. इससे आमजन को जानकारी मिल पाएगी
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विधिक जागरूकता अभियानों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से जयपुर के गांधी नगर मोड़, टोंक रोड स्थित प्रमुख ट्रैफिक सिग्नल पर “न्याय छाया” नामक अभिनव पहल की शुरुआत की गई है।
छांव भी, कानून की जानकारी भी
यह पहल राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति एस. पी. शर्मा के मार्गदर्शन और सदस्य सचिव हरिओम अत्री के नेतृत्व में संचालित की जा रही है। बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से स्थापित इस विशेष शैडो टेंट का उद्देश्य नागरिकों को धूप से राहत प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें उनके विधिक अधिकारों और उपलब्ध विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना है।

प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही वाले इस व्यस्त यातायात चौराहे पर स्थापित “न्याय छाया” के माध्यम से विभिन्न विधिक योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। टेंट पर लगाए गए फ्लेक्सों के जरिए मध्यस्थता (मेडिएशन), न्याय आपके द्वार, समाधान समारोह, न्याय रो सारथी, बाल विवाह प्रतिषेध के लिए “अभी नहीं” अभियान, “सृजन की सुरक्षा” अभियान, लोक अदालत तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

यह पहल न केवल आमजन बल्कि न्यायालयों में लंबित मामलों से जुड़े पक्षकारों को भी निःशुल्क विधिक सहायता, वैकल्पिक विवाद निस्तारण तंत्र, सामाजिक न्याय एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रही है। ट्रैफिक सिग्नल पर प्रतीक्षा के कुछ क्षणों को विधिक जागरूकता के अवसर में बदलते हुए “न्याय छाया” समाज के प्रत्येक वर्ग तक कानूनी जानकारी पहुंचाने का कार्य कर रही है।

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण का यह प्रयास विधिक सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने और “सबके लिए न्याय” की अवधारणा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सिर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट। प्ले स्टोर से PKTIMES एप भी डाउनलोड कर आप देख सकते हैं तमाम खबरें।।

