मतदाता से मतदान तक की तैयारी, CEC ज्ञानेश कुमार ने परखी चुनावी व्यवस्था

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेशभर से आए बीएलओ यानी बूथ लेवल अधिकारियों और सुपरवाइजरों के साथ सीधा संवाद किया

मतदाता से मतदान तक की तैयारी, CEC ज्ञानेश कुमार ने परखी चुनावी व्यवस्था


देश में चुनावी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, सशक्त और मतदाता केंद्रित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग लगातार जमीनी स्तर पर संवाद कर रहा है। इसी कड़ी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेशभर से आए बीएलओ यानी बूथ लेवल अधिकारियों और सुपरवाइजरों के साथ सीधा संवाद किया।


JECC में चुनावी प्रक्रिया के लिए विशेष कार्यक्रम
सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर यानी जेईसीसी में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न जिलों से करीब 700 बीएलओ और सुपरवाइजर शामिल हुए। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनावी प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका को लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके अनुभव और सुझाव सुने।

जमीनी स्तर के कर्मचारियों से सीधा फीडबैक
इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन सहित निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नामों के सत्यापन और चुनावी तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर जमीनी स्तर के कर्मचारियों से सीधा फीडबैक लेना रहा।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बीएलओ से पूछा कि मतदाता सूची तैयार करने और उसे अपडेट रखने के दौरान उन्हें किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही यह भी जाना कि तकनीक के बेहतर उपयोग से चुनावी प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी कैसे बनाया जा सकता है।

संवाद से नवाचार
संवाद के दौरान चुनाव सुधारों से जुड़े विभिन्न नवाचारों पर भी चर्चा हुई। निर्वाचन आयोग का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और किसी भी योग्य मतदाता का अधिकार छूटने न पाए। इसी उद्देश्य से आयोग लगातार जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे अधिकारियों से सीधे संवाद कर रहा है।

करीब एक घंटे पंद्रह मिनट तक चले इस कार्यक्रम में बीएलओ और सुपरवाइजरों ने अपने अनुभव साझा किए और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। निर्वाचन आयोग का मानना है कि चुनावी व्यवस्था की सफलता में बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों की भूमिका सबसे अहम होती है और उनके सुझाव भविष्य की चुनावी रणनीतियों को और बेहतर बनाने में सहायक साबित होंगे।


देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।