Jodhpur News: ट्रेन में 3 करोड़ के सोना-हीरा चोरी करने वाले दो आरोपी हिरासत में, 7 राज्यों में की वारदात

तमिलनाडु में ट्रेन के अंदर करीब 3 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के आभूषण चोरी करने के मामले में जोधपुर GRP ने दो आरोपियों को डिटेन कर तमिलनाडु पुलिस को सौंपा। दोनों पर राजस्थान समेत 7 राज्यों में करीब 2 किलो सोना-डायमंड चोरी करने का आरोप है।

Jodhpur News: ट्रेन में 3 करोड़ के सोना-हीरा चोरी करने वाले दो आरोपी हिरासत में, 7 राज्यों में की वारदात

तमिलनाडु में ट्रेन के अंदर करीब 3 करोड़ रुपये के सोने और डायमंड के आभूषण चोरी करने के मामले में जोधपुर जीआरपी पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी राजस्थान समेत देश के 7 राज्यों में करीब 2 किलो सोना और डायमंड के गहने चोरी करने की वारदातों में शामिल रहे हैं।

जोधपुर जीआरपी की टीम ने दोनों आरोपियों को तमिलनाडु पुलिस को सौंप दिया। तमिलनाडु पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ट्रेनों में फर्जी नाम से रिजर्वेशन करवाकर यात्रियों के कीमती सामान को निशाना बनाते थे।

वारदात के बाद फरार थे आरोपी

जीआरपी को तमिलनाडु के विरुधाचलम थाना, जिला त्रिचापल्ली से दोनों आरोपियों के संबंध में सूचना मिली थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी अशोक कुमार (65) निवासी नीमतल खुर्शीपुर, थाना खुर्शीपुर, जिला पटना और रंजन कुमार उर्फ सुनील कुमार उर्फ विकास गुप्ता (47) निवासी खुर्शीपुर, जिला पटना, वारदात के बाद से फरार थे।

दोनों आरोपियों के वर्तमान पते पटना के शिवपुरी और हथुआ मार्केट क्षेत्र में बताए गए हैं।

यात्रियों के सामान चोरी के बाद बनाई विशेष टीम

ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान और नकदी चोरी की बढ़ती वारदातों के बाद जोधपुर जीआरपी की ओर से विशेष टीम का गठन किया गया था। जीआरपी एसपी केवल राम और जीआरपी सीओ हरिराम सोनी के निर्देशन में जीआरपी थानाधिकारी मुक्ता पारीक के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान विशेष टीम ने दोनों आरोपियों को डिटेन कर तमिलनाडु जीआरपी को इसकी सूचना दी।

बिहार से जोधपुर पहुंची तमिलनाडु पुलिस

पुलिस के अनुसार, तमिलनाडु जीआरपी की कई टीमें दोनों आरोपियों की तलाश में उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में जुटी हुई थीं। इसी दौरान तमिलनाडु पुलिस की स्पेशल टीम के रेलवे पुलिस इंस्पेक्टर सुरेश आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ 3 सितंबर को बिहार से जोधपुर पहुंची।

जोधपुर में दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद तमिलनाडु पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया। पुलिस अब आरोपियों से ट्रेन में चोरी की अन्य वारदातों और चोरी किए गए सोने-हीरे के संबंध में पूछताछ कर रही है।