जंतर-मंतर पहुंचे हनुमान बेनीवाल, CJP के जनआंदोलन में हुए शामिल; बोले- जनता की आवाज़ दबाई नहीं जा सकती
RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP जनआंदोलन में पहुंचकर समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों के लिए उठने वाली लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता।
नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP (Cockroach Janta Party) के जनआंदोलन में रविवार शाम राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल भी शामिल हुए। बेनीवाल ने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वालों की आवाज़ को किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता। जंतर-मंतर पर इन दिनों छात्र, युवा, किसान, कर्मचारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल होने के बाद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज शाम को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी जनआंदोलन में सम्मिलित हुआ। मैं भारत सरकार को कहना चाहता हूं कि जनता के अधिकारों, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने वालों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। मैं सदैव जनहित के हर संघर्ष में जनता के साथ खड़ा रहा हूं और आगे भी अन्याय के विरुद्ध तथा आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से आवाज़ उठाता रहूंगा।”
गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन के बीच सोमवार को संसद मार्च की भी घोषणा की गई है। आंदोलन के आयोजकों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से शामिल होने की अपील की है, जबकि दिल्ली पुलिस ने बिना अनुमति संसद मार्च पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

