राजस्थान में फिर बरसेगा मानसून का कहर: 40 जिलों पर अलर्ट, अगले 5 दिन भारी बारिश का खतरा
राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले इलाकों व उफनते नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
इन मौसम प्रणालियों से बढ़ी बारिश की गतिविधियां
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून ट्रफ इस समय बीकानेर, बनस्थली विद्यापीठ, गुना, दमोह, पेंड्रा रोड और मिदनापुर होते हुए पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से पर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण, 5.8 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना ईस्ट-वेस्ट शियर जोन और जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मिलकर राजस्थान में लगातार बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बना रहे हैं।
इन जिलों में सबसे ज्यादा बरसे बादल
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। बारां जिले के छीपाबड़ौद में 139 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि भीलवाड़ा के आसींद में करीब 150 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा बूंदी, कोटा, टोंक, झालावाड़, दौसा, पाली, राजसमंद, अजमेर और उदयपुर सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। लगातार वर्षा के कारण कई नदियां और बरसाती नाले उफान पर आ गए, जिससे संपर्क मार्ग प्रभावित हुए।
किन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा?
मौसम विभाग ने बांसवाड़ा और झालावाड़ में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर और उदयपुर में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा अजमेर, ब्यावर, जयपुर, करौली, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक, जालौर, जोधपुर, नागौर और पाली सहित कई अन्य जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
प्रशासन और लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर न रहें और जलभराव वाले क्षेत्रों, पुल-पुलियों तथा उफनते नालों को पार करने का प्रयास न करें। लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

