JPSC-JSSC परीक्षा धांधली पर बड़ा एक्शन: पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते गिरफ्तार, अब तक 20 लोग पकड़े गए
JPSC Exam Scam: रांची में JPSC परीक्षा धांधली मामले में CID ने पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक 20 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, वहीं ED ने भी मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज किया है।
झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC परीक्षा धांधली को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा घेराव के लिए निकले। इसी बीच झारखंड CID ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी JPSC की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच के तहत की गई है।
CID की जांच में कथित अनियमितताओं से जुड़े पुख्ता सबूत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। इस मामले में अब तक कुल 20 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
JPSC परीक्षा धांधली मामले में पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार
JPSC की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर CID लंबे समय से जांच कर रही थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और सबूतों के आधार पर पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते को गिरफ्तार किया गया है।
परीक्षा में कथित धांधली को लेकर छात्रों में भी नाराजगी है। सोमवार को छात्र अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव के लिए निकले। छात्रों की मांग है कि परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

JPSC मामले में अब तक 20 गिरफ्तार
CID की कार्रवाई के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। जांच एजेंसी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर CID अपनी कार्रवाई आगे बढ़ा सकती है।
ED ने भी JPSC परीक्षा धांधली मामले में दर्ज की FIR
JPSC परीक्षा धांधली मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भी एंट्री हो गई है। सोमवार को ED ने मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि ED ने CID की FIR को आधार बनाकर यह मामला दर्ज किया है। ED आमतौर पर शेड्यूल्ड ऑफेंस से जुड़ी FIR के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू करती है।
CID की FIR के आधार पर ED की कार्रवाई
JPSC मामले में राज्य सरकार की ओर से ED को अभी तक कोई अलग पत्र नहीं मिला है। हालांकि, CID द्वारा दर्ज FIR को आधार बनाकर ED ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है।
अब CID के साथ-साथ ED की जांच भी इस मामले को एक नया मोड़ दे सकती है। दोनों एजेंसियां अपने-अपने स्तर पर परीक्षा धांधली और उससे जुड़े आर्थिक पहलुओं की जांच करेंगी।

