SMS अस्पताल को उड़ाने की धमकी, आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार
राजस्थान के सबसे बड़े अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बम से उड़ाने की धमकी मिली।
राजस्थान के सबसे बड़े सवाई मानसिंह अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। एक सिरफिरे ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दोपहर 3 बजे तक अस्पताल में धमाका करने की चेतावनी दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी को हरियाणा से डिटेन कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

कंट्रोल रूम में फोन, मांगी 40 करोड़ की फिरौती
थानाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि सुबह पुलिस कंट्रोल रूम के अभय कमांड सेंटर पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले बदमाश ने सीधे शब्दों में धमकी देते हुए कहा कि उसने SMS अस्पताल के परिसर में बम लगा दिया है। उसने पुलिस को चुनौती दी कि यदि दोपहर 3 बजे तक उसे 40 करोड़ रुपए नहीं दिए गए, तो वह पूरे अस्पताल को बम से उड़ा देगा।
डॉग और बम स्क्वॉयड ने चप्पा-चप्पा खंगाला
धमकी की सूचना मिलते ही भारी पुलिस जाब्ता एसएमएस अस्पताल पहुंचा। आनन-फानन में डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, पार्किंग और बगीचों समेत चप्पे-चप्पे की गहनता से तलाशी ली गई। करीब दो से तीन घंटे चले इस सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, पूरी जांच के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
JP Sharma 
