जयपुर नगर निगम चुनाव: BJP ने जारी की प्रत्याशियों की सूची, पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को यहां से मिला टिकट
जयपुर नगर निगम चुनाव के लिए बीजेपी ने ज्यादातर वार्डों पर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को वार्ड 110 से टिकट मिला है, जबकि 5 वार्डों को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है।
जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आखिरकार अपने प्रत्याशियों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है. सूची सामने आते ही जयपुर में निकाय चुनाव की सियासी हलचल तेज हो गई है. पार्टी ने नगर निगम के 150 वार्डों में से अधिकांश सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. हालांकि, कुछ वार्डों को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है.
पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को वार्ड 110 से टिकट
बीजेपी की जारी सूची में सबसे चर्चित नाम जयपुर की पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल का है. पार्टी ने उन्हें वार्ड नंबर 110 से चुनाव मैदान में उतारा है. वहीं वार्ड नंबर 112 से सुनील कोठारी को बीजेपी का प्रत्याशी बनाया गया है.
पार्टी की ओर से वार्ड नंबर 68, 79, 85, 102 और 132 को फिलहाल विचाराधीन रखा गया है. इन वार्डों पर उम्मीदवारों के नाम बाद में घोषित किए जा सकते हैं.
8 मुस्लिम उम्मीदवारों को भी मिला टिकट
बीजेपी ने इस बार प्रत्याशी चयन में सामाजिक और अल्पसंख्यक समीकरणों का भी ध्यान रखा है. पार्टी ने जयपुर के 150 वार्डों में 8 मुस्लिम उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है.
इनमें वार्ड 19 से शहनवाज अंसारी, वार्ड 109 से जाकिर खान कायमखानी, वार्ड 113 से फरीदुद्दीन 'जैकी', वार्ड 117 से शब्बो जहां, वार्ड 128 से माजिद पठान, वार्ड 136 से मिजाना मिर्जा, वार्ड 137 से रहीस मंसूरी और वार्ड 146 से अफसाना को टिकट दिया गया है.
महिला उम्मीदवारों पर भी पार्टी का भरोसा
बीजेपी ने महिला आरक्षित वार्डों में भी पार्टी की सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया है. पार्टी की कोशिश सामाजिक समीकरणों को साधने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारने की है.







कुछ वार्डों पर अभी भी सस्पेंस
बीजेपी ने ज्यादातर वार्डों के प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं, लेकिन पांच वार्डों को अभी विचाराधीन रखा गया है. इन सीटों पर स्थानीय समीकरणों और दावेदारों की स्थिति को देखते हुए अंतिम फैसला लिया जाएगा.
प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद अब जयपुर नगर निगम चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है. आने वाले दिनों में कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद तस्वीर और साफ होगी और चुनावी माहौल और गरमाने की संभावना है।

