मारवाड़ को मिली बड़ी सौगात, जोधपुर एयरपोर्ट के नये टर्मिनल की खास बातें जानिए...
PM मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का किया लोकार्पण, UDAN 2.0 की शुरुआत, 24 हजार वर्गमीटर में बने नए टर्मिनल में 6 एयरोब्रिज, 12 विमान पार्किंग की सुविधा; भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के अनुरूप तैयार किया गया ढांचा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने राजस्थान दौरे की शुरुआत जोधपुर से की। यहां उन्होंने जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मौजूद रहे।
लोकार्पण के दौरान प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का अवलोकन किया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने उन्हें भवन की आधुनिक सुविधाओं और डिजाइन की जानकारी दी। प्रधानमंत्री करीब 15 मिनट तक टर्मिनल परिसर में रहे। उनके स्वागत में राजस्थानी लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इसके बाद प्रधानमंत्री पचपदरा के लिए रवाना हो गए।

UDAN 2.0 की भी शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर उड़ान (UDAN) योजना के दूसरे चरण की भी शुरुआत की। इस योजना के तहत अगले 10 वर्षों में करीब 28 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य देशभर में 100 नए एयरपोर्ट विकसित कर क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करना है।

12 जुलाई के बाद शुरू हो सकती हैं यात्री सेवाएं
नए टर्मिनल से यात्री सेवाएं संभावित रूप से 12 जुलाई के बाद शुरू की जाएंगी। फिलहाल भवन में अंतिम चरण की तकनीकी और यात्री सुविधाओं की जांच चल रही है।
यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री @narendramodi जी के करकमलों से आज जोधपुर को विश्वस्तरीय, अत्याधुनिक एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप निर्मित नए एयरपोर्ट टर्मिनल की ऐतिहासिक सौगात मिली।
— Gajendra Singh Shekhawat (@gssjodhpur) July 4, 2026
यह विकसित भारत के उस संकल्प का साकार स्वरूप है, जहाँ विरासत और आधुनिकता साथ-साथ आगे बढ़ते… pic.twitter.com/g8ISjiqZRL
मारवाड़ की संस्कृति और विरासत की झलक
नए टर्मिनल की डिजाइन में मारवाड़ की सांस्कृतिक विरासत को विशेष स्थान दिया गया है। भवन में वीर दुर्गादास राठौड़ और पर्यावरण संरक्षण के लिए बलिदान देने वाली अमृता देवी बिश्नोई के चित्र लगाए गए हैं। वहीं यात्रियों के स्वागत के लिए राजस्थानी शैली में 'राम-राम सा' का संदेश भी प्रदर्शित किया गया है।

24 हजार वर्गमीटर में बना आधुनिक टर्मिनल
नया टर्मिनल भवन करीब 24 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बनाया गया है, जो पुराने टर्मिनल की तुलना में लगभग सात गुना बड़ा है। भवन का निर्माण जोधपुर के प्रसिद्ध पत्थरों से किया गया है, जिससे इसे हेरिटेज लुक मिला है। टर्मिनल में 6 एयरोब्रिज, 12 विमान पार्किंग स्टैंड और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को ध्यान में रखते हुए कस्टम व इमिग्रेशन की सुविधा विकसित करने की व्यवस्था भी की गई है।
नए टर्मिनल के शुरू होने के बाद पुराने परिसर का बड़ा हिस्सा पार्किंग के लिए उपयोग किया जाएगा। पार्किंग क्षेत्र का विस्तार लगातार किया जा रहा है ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। नए टर्मिनल को अगले 35 वर्षों की संभावित यात्री संख्या को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी द्वारा ₹480 करोड़ की लागत से निर्मित जोधपुर हवाई अड्डे के नए भव्य टर्मिनल भवन का उद्घाटन क्षेत्र के प्रगति पथ पर एक मील का पत्थर है।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) July 4, 2026
23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह आधुनिक टर्मिनल प्रति वर्ष 20 लाख यात्रियों को विश्वस्तरीय… pic.twitter.com/GY1rHSHu0z
जोधपुर की कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर
लोकार्पण के बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि जहां हवाई सेवाएं बढ़ती हैं, वहां पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि जोधपुर की हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा तथा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संभावनाओं पर भी मंत्रालय काम करेगा। उन्होंने बताया कि जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या चार लाख से बढ़कर करीब 11 लाख तक पहुंच चुकी है। वहीं उदयपुर में नया टर्मिनल तैयार हो रहा है और कोटा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण जारी है।
पुराने टर्मिनल के उपयोग पर भी होगा फैसला
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि प्रधानमंत्री ने पुराने टर्मिनल भवन के बेहतर उपयोग की संभावनाएं तलाशने का दायित्व उन्हें सौंपा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को साकार करने में करीब 12 वर्षों का लंबा प्रयास लगा और अब मारवाड़ को आधुनिक हवाई सुविधा की बड़ी सौगात मिली है।
देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।

