जयपुर में टोल टैक्स बढ़ा: दिल्ली हाईवे पर सफर हुआ महंगा, नई दरें आज से लागू
जयपुर-दिल्ली हाईवे, जयपुर-सीकर बाइपास और जयपुर रिंग रोड के टोल प्लाजा पर नई टोल दरें लागू हो गई हैं। जानें मनोहरपुर, शाहजहांपुर, टाटियावास और सीतारामपुरा टोल की नई दरें और किन वाहनों पर कितना बढ़ा शुल्क।
Jaipur Toll Tax Hike: जयपुर से होकर गुजरने वाले प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा अब पहले से अधिक महंगी हो गई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने जयपुर-दिल्ली हाईवे, जयपुर-सीकर बाइपास और जयपुर रिंग रोड के विभिन्न टोल प्लाजा पर टोल दरों में संशोधन कर दिया है। नई दरें आज रात 12 बजे से लागू हो चुकी हैं। वाहन श्रेणी के अनुसार टोल शुल्क में 5 रुपये से लेकर 30 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल पर बढ़ा शुल्क
जयपुर-दिल्ली ओल्ड हाईवे स्थित मनोहरपुर टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन जैसे निजी वाहनों के लिए टोल शुल्क में 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं मिनी ट्रक, बस और अन्य भारी व्यावसायिक वाहनों के लिए टोल 5 रुपये से 30 रुपये तक बढ़ाया गया है।
शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर निजी वाहनों को अब पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा। यहां कार, जीप और वैन का टोल शुल्क 195 रुपये से बढ़ाकर 215 रुपये कर दिया गया है, यानी अब प्रत्येक यात्रा पर 20 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
सीकर बाइपास और जयपुर रिंग रोड पर निजी वाहनों को राहत
जयपुर-सीकर बाइपास के टाटियावास टोल प्लाजा और जयपुर रिंग रोड के सीतारामपुरा (बस्सी) टोल प्लाजा पर फिलहाल निजी वाहन चालकों को राहत मिली है। इन दोनों टोल प्लाजा पर केवल व्यावसायिक वाहनों की टोल दरों में संशोधन किया गया है, जबकि कार, जीप और वैन जैसे निजी वाहनों के लिए पुरानी दरें ही लागू रहेंगी।
परिवहन व्यवसाय पर पड़ेगा सीधा असर
नई टोल दरें लागू होने के बाद जयपुर से दिल्ली और अन्य प्रमुख मार्गों पर नियमित आवाजाही करने वाले ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों, बस संचालकों और मालवाहक वाहन मालिकों की परिचालन लागत बढ़ने की संभावना है। वहीं निजी वाहन चालकों को भी कुछ मार्गों पर पहले की तुलना में अधिक टोल शुल्क
चुकाना होगा।

