राजस्थान के 38 जिलों में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
राजस्थान में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 38 जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि कोटा, बारां और झालावाड़ में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। डूंगरपुर, उदयपुर, बांसवाड़ा, अजमेर समेत कई जिलों में मंगलवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 जुलाई के बाद भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
राजस्थान में मानसून का असर लगातार, कई जिलों में येलो तो कई जिलो में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश की संभावना
प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार और गुरुवार के लिए प्रदेश के 38 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

डूंगरपुर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में डूंगरपुर जिले के वेंजा क्षेत्र में सबसे अधिक 70 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा अलवर के नीमराणा में 52 मिमी, प्रतापगढ़ के अरनोद में 21 मिमी, छोटी सादड़ी में 22 मिमी और सुहागपुरा में 20 मिमी वर्षा दर्ज हुई। सवाई माधोपुर, दौसा, भरतपुर, अजमेर और बांसवाड़ा सहित कई जिलों में भी करीब दो इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
धौलपुर में लगातार बारिश से किसानों के चेहरे खिले
धौलपुर जिले में सोमवार रात से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया है और लंबे समय से गर्मी व उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है। किसानों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है। समय पर हुई बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आएगी और पहले से बोई गई फसलों को पर्याप्त नमी मिलने से अच्छी बढ़वार की उम्मीद है।

पश्चिमी राजस्थान में अब भी गर्मी का असर
बारिश के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में गर्मी का असर बना हुआ है। श्रीगंगानगर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा
- श्रीगंगानगर – 42.8°C
- बीकानेर – 41.8°C
- चूरू – 41.0°C
- जैसलमेर – 40.6°C
- फलोदी – 40.2°C
हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
अगले दो दिन सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत में बना डिप्रेशन सिस्टम अब दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर वेल-मार्क लो प्रेशर एरिया में बदल गया है। अगले 24 घंटों में इसके और कमजोर होने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में अगले दो दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 जुलाई के बाद प्रदेश में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।

