विधानसभा में सियासी हंगामे के बीच CM विजय का मानवीय चेहरा, विपक्षी विधायक को उठने में की मदद; सदन में बजीं तालियां
तमिलनाडु विधानसभा में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण खड़े नहीं हो पा रहे DMK विधायक दुरई चंद्रशेखर को सहारा देकर मदद की। इस मानवीय पल का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है और CM विजय की तारीफ हो रही है।
तमिलनाडु विधानसभा में सोमवार को सियासी माहौल उस वक्त अचानक बदल गया, जब मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विपक्षी दल DMK के वरिष्ठ विधायक दुरई चंद्रशेखर की मदद के लिए आगे बढ़कर मानवीयता की मिसाल पेश की। सदन में हुए इस छोटे से घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है और मुख्यमंत्री के व्यवहार की तारीफ हो रही है।
वॉकआउट के दौरान सीट पर बैठे रह गए विधायक
दरअसल, मुख्यमंत्री विजय के भाषण के जवाब में बोलने के लिए DMK के विधायक सदन में मौका मांग रहे थे। स्पीकर से अनुमति नहीं मिलने के बाद DMK विधायकों ने सदन से वॉकआउट करने का फैसला किया।
पार्टी के बाकी विधायक बाहर निकलने लगे, लेकिन तिरुवैयारु से विधायक दुरई चंद्रशेखर अपनी सीट पर ही बैठे रहे।
CM विजय ने खुद पूछा- क्यों नहीं जा रहे?
मुख्यमंत्री की नजर जब चंद्रशेखर पर पड़ी तो उन्होंने उनसे पूछा कि वह बाकी विधायकों के साथ बाहर क्यों नहीं जा रहे हैं। विधायक ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण वह अकेले खड़े नहीं हो पा रहे हैं।
यह सुनते ही मुख्यमंत्री विजय अपनी सीट से उठकर उनके पास पहुंचे और उन्हें सहारा देकर खड़ा होने में मदद की।
विपक्षी विधायक ने हाथ जोड़कर कहा शुक्रिया
मुख्यमंत्री के सहयोग के बाद दुरई चंद्रशेखर ने हाथ जोड़कर उनका आभार जताया। इसके बाद वह अन्य DMK विधायकों के साथ सदन से बाहर चले गए।
इस दौरान विधानसभा में मौजूद मंत्रियों और अन्य सदस्यों ने मेज थपथपाकर मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की सराहना की।
राजनीतिक मतभेदों के बीच दिखा अलग अंदाज
इस पूरे घटनाक्रम की खास बात यह रही कि विधानसभा में उस समय सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक मतभेदों का माहौल था। लेकिन उसी दौरान मुख्यमंत्री का विपक्षी विधायक की मदद के लिए आगे आना चर्चा का विषय बन गया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग इस छोटे से मानवीय पल पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। राजनीतिक बहस से अलग मुख्यमंत्री विजय का यह व्यवहार अब सुर्खियों में है।

