बेटी का रिश्ता दूसरी जगह तय करने पर भड़का विवाद, समाज के लोगों ने युवक पर किया जानलेवा हमला
राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर के म्याजलार थाना क्षेत्र के सत्तो गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बेटी का रिश्ता दूसरी जगह तय करने और स्वयं दोबारा निकाह करने से नाराज समाज के ही कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया।
राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर के म्याजलार थाना क्षेत्र के सत्तो गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बेटी का रिश्ता दूसरी जगह तय करने और स्वयं दोबारा निकाह करने से नाराज समाज के ही कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।
पहले तय रिश्ता तोड़ने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, खलताना निवासी सत्तार खान (35) ने अपनी इकलौती बेटी का रिश्ता पहले एक जगह तय किया था, लेकिन बाद में उन्होंने वह रिश्ता तोड़ दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद पैदा हो गया, जो पंचायत स्तर पर विचाराधीन था।
खुद निकाह करने और बेटी की नई जगह शादी तय करने से भड़के लोग
पंचायत में मामला सुलझने से पहले ही सत्तार खान ने न केवल खुद दोबारा निकाह कर लिया, बल्कि उसी नए परिवार में अपनी बेटी की शादी भी तय कर दी। यह फैसला पहले पक्ष को मंजूर नहीं था। इसी नाराजगी के चलते समाज के कुछ लोगों ने सत्तार खान पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर घायल, जोधपुर रेफर
हमले में सत्तार खान को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जोधपुर रेफर किया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलते ही म्याजलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

