देर रात 18 IPS अफसरों के तबादले, DG से SP स्तर तक बड़ा फेरबदल; बालोतरा SP हटे, 4 जिलों को मिले नए पुलिस प्रमुख- देखें पूरी लिस्ट

राजस्थान सरकार ने 18 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए। जोधपुर पुलिस कमिश्नर बदले, बालोतरा, जोधपुर ग्रामीण, प्रतापगढ़ और हनुमानगढ़ को नए एसपी मिले। देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट।

देर रात 18 IPS अफसरों के तबादले, DG से SP स्तर तक बड़ा फेरबदल; बालोतरा SP हटे, 4 जिलों को मिले नए पुलिस प्रमुख- देखें पूरी लिस्ट

राजस्थान सरकार ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में डीजी स्तर के अधिकारियों से लेकर आईजी, पुलिस कमिश्नर और एसपी स्तर तक कई अहम बदलाव किए गए हैं। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में एक बार फिर नेतृत्व बदला गया है, जबकि रिफाइनरी हादसे के बाद चर्चा में आए बालोतरा एसपी को भी फील्ड पोस्टिंग से हटा दिया गया है। साथ ही जोधपुर ग्रामीण, प्रतापगढ़, हनुमानगढ़ और बालोतरा में नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त किए गए हैं।

मालिनी अग्रवाल को मिली ट्रैफिक की जिम्मेदारी

सरकार ने मालिनी अग्रवाल को डीजी पुलिस ट्रैफिक नियुक्त किया है। वहीं अनिल पालीवाल को डीजी एवं कमांडेंट जनरल होमगार्ड बनाया गया है। प्रदीप मोहन शर्मा को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में एडिशनल पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अजेय सिंह राठौड़ को 7वीं बटालियन आरएसी भरतपुर का कमांडेंट और अनुष्ठा कालिया को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी (मुख्यालय) नियुक्त किया गया है।

अजमेर और भरतपुर रेंज को मिले नए आईजी

तबादला सूची में अजमेर और भरतपुर रेंज के आईजी भी बदले गए हैं। डॉ. रवि को अजमेर रेंज का नया आईजी बनाया गया है, जबकि डॉ. प्रीति चंद्रा को भरतपुर रेंज की कमान सौंपी गई है। राजेंद्र सिंह को आईजी सतर्कता और कैलाश चंद बिश्नोई को आईजी पुलिस आधुनिकीकरण एवं कल्याण के पद पर लगाया गया है।

पांच महीने में फिर बदला जोधपुर पुलिस कमिश्नर

जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में एक बार फिर बड़ा बदलाव हुआ है। फरवरी में नियुक्त शरत कविराज का पांच महीने से पहले ही तबादला कर उन्हें आईजी क्राइम ब्रांच भेज दिया गया है। उनकी जगह आईजी एसएसबी अंशुमन भौमिया को जोधपुर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।

बालोतरा एसपी हटे, राजेश कुमार बने नए पुलिस अधीक्षक

बालोतरा रिफाइनरी हादसे के दौरान चर्चाओं में रहे एसपी रमेश को फील्ड पोस्टिंग से हटाकर जयपुर में एसपी, सीबी (ह्यूमन राइट्स एंड वीकर सेक्शंस) लगाया गया है। उनकी जगह जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी मुख्यालय रहे राजेश कुमार अब बालोतरा के नए एसपी होंगे।

चार जिलों में नए एसपी

तबादलों के तहत जोधपुर ग्रामीण एसपी पीडी नित्या को एसीबी जोधपुर भेजा गया है। उनकी जगह पंकज यादव को जोधपुर ग्रामीण का एसपी बनाया गया है। प्रतापगढ़ एसपी बी. आदित्य अब हनुमानगढ़ के एसपी होंगे, जबकि हनुमानगढ़ एसपी नरेंद्र सिंह मीणा को 10वीं आरएसी बटालियन बीकानेर भेजा गया है। विशाल जांगिड़ को प्रतापगढ़ का नया एसपी नियुक्त किया गया है।

इन अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी

इस तबादला सूची में कई अन्य आईपीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के साथ-साथ विभिन्न जिलों और इकाइयों में नई कार्यशैली लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।