CM योगी ने फिर दी चेतावनी...जो समाज के लिए खतरा तो अपनाएंगे हिंसा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने फिर से हिंसा करने वालों को चेतावनी दी है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि समाज के लिए जो खतरा हो तो फिर अहिंसा नहीं हिंसा को ही अपनाना पड़ता है।
लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर से माहौल बिगाड़ने वालों को चेतावनी दे दी है. नौसेना म्यूजियम और नौसेना वाटिका का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सैनिकों के प्रति सम्मान का भाव रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है.

जो समाज के लिए खतरा, फिर हिंसा ही रास्ता
उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण ही विकास और निवेश की सबसे बड़ी आधारशिला होता है. अहिंसा ही इंसान का सच्चा धर्म होना चाहिए. लेकिन अगर सामने वाला देश और समाज के लिए खतरा हो तो उसके लिए अहिंसा नहीं फिर हिंसा ही अपनाना पड़ता है.
2017 से पहले यूपी में था माफिया राज
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी. आए दिन कर्फ्यू जैसी स्थितियां उत्पन्न होती थीं और पेशेवर माफिया व अपराधियों का प्रभाव व्यवस्था पर दिखाई देता था. ऐसे माहौल में आम लोगों का जीवन प्रभावित होता था और निवेश व विकास की संभावनाएं भी कमजोर पड़ जाती थीं.
सुरक्षा का माहौल होगा तो उद्योग के अवसर खुलेंगे
सीएम योगी ने कहा कि जब किसी राज्य में सुरक्षा और स्थिरता का माहौल होता है, तभी उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के सैनिक सीमाओं पर रहकर पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं. उनकी वजह से देश के नागरिक सुरक्षित जीवन जी पाते हैं. इसलिए समाज का भी दायित्व है कि वह अपने सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखे. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को सेना और नौसेना के योगदान से परिचित कराना समय की आवश्यकता है.
म्यूजियम बनेगा प्रेरणा का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह म्यूजियम केवल एक दर्शनीय स्थल नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र भी बनेगा. यहां आने वाले छात्र और युवा भारतीय नौसेना के इतिहास, उसके शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान के बारे में विस्तार से जान सकेंगे. इससे युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत होगी और वे सशस्त्र बलों के प्रति अधिक जागरूक बनेंगे. कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भी इस पहल की सराहना की. उनका कहना था कि नौसेना म्यूजियम प्रदेश के युवाओं को रक्षा क्षेत्र के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा. उद्घाटन के साथ ही यह म्यूजियम आम लोगों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बन गया है.
देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सीर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट।
JP Sharma 
